PTB Accident News अयोध्या : अयोध्या में बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां नेशनल हाईवे 27 पर ओवरटेक करते वक्त प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बस में सवार करीब 30 यात्री जख्मी हुए हैं। बस दिल्ली से बांसी और सिद्धार्थ नगर जा रही थी। घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस के अंदर अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है।
जानकारी के अनुसार प्राइवेट बस दिल्ली से सिद्धार्थ नगर जा रही थी। सभी यात्री दिल्ली के कश्मीरी गेट से सोमवार शाम इस बस में सवार हुए थे। इस बस में सिद्धार्थनगर, बांसी, बस्ती और डुमरियागंज के यात्री बैठे थे। यात्रियों ने बताया कि बस का चालक नशे में था। सुबह में 7:30 बजे बस जैसे ही अयोध्या में सहादतगंज ओवरब्रिज के पास पहुंची। ओवर टेक करने के चक्कर में पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। रोने की आवाजें सुनकर आसपास के गांव के लोग मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर एम्बुलेंस को फोन करके बुलाया गया। लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया।
































