PTB Big न्यूज़ चंडीगढ़ : पंजाब सरकार की ओर से गानों में हथियारों को प्रमोट करने को रोकने और लाइसेंसी असले को लेकर बयान दिया गया, जिस पर सिद्धू मूसेवाले के पिता बलकोर सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हम पंजाब सरकार के फैसले का स्वागत करते हैं,
लेकिन क्या सरकार उन कलाकारों पर कार्रवाई करेगी जो गैंगस्टरों से मुलाकात करते हैं और उनके लिए अखाड़े लगाते हैं। वहीं उन्होंने कहा कि लाइसेंसी असला अपनी रक्षा के लिए है रखना कोई बुरी बात नहीं है, अगर सरकार उसे भी वापस लेना चाहती है तो वह तैयार है, लेकिन लोगों के लिए सुरक्षा के इंतजाम सरकार जरूर करें।
आपको बता दें कि गन कल्चर को लेकर बीते दिन ही मान सरकार ने सख़्त कदम उठाया था, इसके लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सख़्त निर्देश जारी किए हैं। जिनमें उन्होंने कहा है कि अब तक जारी सभी हथियारों के लाइसेंस की अगले 3 महीनों के भीतर पूरी समीक्षा की जाएगी।
कोई नया हथियार लाइसेंस तब तक नहीं दिया जाएगा जब तक कि डीसी व्यक्तिगत रूप से संतुष्ट न हो कि ऐसा करने के लिए असाधारण आधार मौजूद हैं। हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन (सोशल मीडिया पर प्रदर्शन सहित) सख्त वर्जित होगा।
वहीं आने वाले दिनों में अलग-अलग इलाकों में रैंडम चेकिंग की जाएगी। हथियारों या हिंसा का महिमामंडन करने वाले गाने सख्त वर्जित होंगे। FIR दर्ज की जाएगी और किसी भी समुदाय के खिलाफ अभद्र भाषा बोलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हथियारों का जल्दबाजी या लापरवाह उपयोग या जश्न की फायरिंग में जिससे मानव जीवन या दूसरों की व्यक्तिगत सुरक्षा खतरे में पड़ जाए, एक दंडनीय अपराध होगा क्योंकि उल्लंघन करने वाले के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

































