PTB Big News लखनऊ : आशा है अब तक अकेले में बैठकर लखनऊ वालों ने ‘समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे’ की लंबाई का आंकड़ा रट लिया होगा / सपा ‘बहुरंगी पुष्पवर्षा’ से इसका उद्घाटन करके एकरंगी सोच वालों को जवाब देगी / दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार को इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे / योगी सरकार इसे अपनी उपलब्धि बता रही है /
इसके पहले अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि उनकी सरकार बनने पर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण में हुई मनमानी की जांच कराएंगे / साथ ही कहा कि एक्सप्रेस-वे के किनारे मंडी बनेगी / अन्य सुविधाओं का विकास भी होगा जिससे आवागमन के साथ आसपास के गांवों के लोगों को फायदा मिलेगा /
अखिलेश ने कहा कि भाजपा के झूठ व गलत कार्यों की वजह से जनता उसे सत्ता से बेदखल करने जा रही है / पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे सपा सरकार ने शुरू किया, लेकिन सत्ता बदलने के बाद भाजपा सरकार में तकनीकी खामियां छोड़ी गईं / इससे लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया गया / निर्माण में मानकों को पूरा नहीं किया गया / वहीं, प्रधानमंत्री से अधूरे एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण भी कराया जा रहा है /
सपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार हमें रोकने के लिए हर स्तर पर प्रयास कर रही है, लेकिन जरूरत पड़ी तो सपा कार्यकर्ता साइकिल से एक्सप्रेस-वे पर निकलेंगे / बसपा सरकार में सपाई ऐसा कर चुके हैं / उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता मंगलवार को जगह-जगह एक्सप्रेस-वे पर फूल चढ़ाएंगे /
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को 341 किमी लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करेंगे / पीएम के कार्यक्रम को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया / उन्होंने एयर स्ट्रिप पर कैमरा लगवाने के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए / कार्यक्रम को देखते हुए मौके पर शासन, प्रशासन, सेना व पुलिस के अधिकारी डटे हैं /




























