PTB Big News चंडीगढ़ : चंडीगढ़ के साथ सटे मोहाली के नयागांव की बेटी साइना सकुशल यूक्रेन से अपने घर पहुंच गई है। साइना बुधवार शाम को ही नयागांव पहुंची है। साइना पिछले साल यूक्रेन के उजोहोरोद नेशनल यूनिवर्सिटी से डाक्टरी की पढ़ाई करने गई थी। अभी वह तीसरे सेमेस्टर की स्टूडेंट है। साइना फरवरी 2021 में एमबीबीएस की पढ़ाई करने यूक्रेन गई थी। मुश्किल हालात में यूक्रेन से घर लौटी साइना शर्मा ने वहां के हालातों के बारे में बातें साझा की हैं।
साइना ने बताया कि रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण कई दिनों से भारतीय छात्रों को वहां से निकलने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। वहां का माहौल इतना खराब हो गया है कि चारों तरफ गोलाबारी की आवाजें सुनाई दे रही हैं। लोग डरे सहमे हुए हैं। यूक्रेन से लौटी साइना शर्मा ने बताया कि वह 28 फरवरी को यूक्रेन से निकले थे। यूक्रेन में हालात बहुत खराब हैं। वहां मौजूद भारतीय छात्रों के अलावा पाकिस्तानी स्टूडेंट्स भी भारतीय फ्लैग लेकर बाहर बार्डर तक पहुंच रहे हैं।
क्योंकि हमारे देश के झंडे को देखकर यूक्रेन की सेना किसी भी बस को रोक नहीं रही है। वहीं, रूस के सैनिक भी भारतीय स्टूडेंट्स को जाने दे रहे हैं। इसी बात का फायदा उठाकर पाकिस्तानी स्टूडेंट्स भी तिरंगे की आड़ में वहां से निकल रहे हैं। साइना ने बताया कि उनके साथ कई पाकिस्तानी स्टूडेंट्स तिरंगा लेकर बॉर्डर तक पहुंचे हैं। हालांकि वहां से वह कैसे अपने देश जाएंगे इसकी उन्हें भी कोई जानकारी नहीं है।