PTB Big न्यूज़ चंडीगढ़ : केंद्र सरकारा द्वारा अमृतसर स्थित दरबार साहिब की सरायों पर 12 फीसदी GST लगाने को लेकर अब सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्स एवं कस्टम्स (CBIC) की सफाई सामने आई है। उन्होंने इस पर सारी बात साफ करते हुए कहा कि शिरोमणि गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी की सरायों पर जीएसटी नहीं लगाया गया है और ना ही इसे भरने के लिए शिरोमणि गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी को किसी प्रकार का नोटिस भेजा है।
CBIC ने कहा कि यह भी कहा जा रहा है कि अमृतसर में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की तरफ से चलाई जा रही तीन सरायों ने GST देना शुरू कर दिया है। यह 3 सरायें गुरू गोबिंद सिंह NRI निवास, बाबा दीप सिंह निवास और माता भाग कौर निवास हैं। इस बारे में स्पष्ट किया गया कि इनमें से किसी को भी नोटिस नहीं दिया गया है। हो सकता है कि इन्होंने खुद ही GST भरना शुरू किया हो। इस संबंध में जारी नोटिफिकेशन के आधार पर एसजीपी की सराएं फायदा ले सकती हैं।
बता दें कि आम आदमी पार्टी सरायों पर टैक्स का विरोध कर रही थी। सीएम भगवंत मान ने केंद्र से यह टैक्स वापस लेने की मांग की थी। वहीं सांसद राघव चड्ढा ने कल ही इस संबंध में केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमन से मुलाकात की थी। भाजपा नेता हरजीत ग्रेवाल और सुखपाल सरां भी इसके खिलाफ थे। उन्होंने केंद्र से इस फैसले को वापस लेने की मांग की थी। अकाली दल भी जीएसटी का विरोध कर रहा है।








































