PTB Big न्यूज़ रोपड़ : लुधियाना के ग्यासपुरा में गैस लीक से 11 लोगों की मौत के बाद अब नंगल में गैस रिसाव का मामला सामने आया है। गैस रिसाव के कारण सेंट सोल्जर स्कूल के छात्र और शिक्षक प्रभावित हुए। कुछ बच्चों और शिक्षकों ने उल्टी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की। इसके बाद प्रभावित शिक्षकों और छात्रों को नंगल के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, स्कूल के पास ही दो बड़ी औद्योगिक इकाइयां हैं, इनमें से किसी एक उद्योग से गैस लीक होने की आशंका है। जांच के बाद असली बात सामने आएगी। प्रभावित बच्चों और शिक्षकों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया हैं। वहीं सूचना पाकर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्कूल में छुट्टी करवाकर स्थिति पर नियंत्रण पाया। वहीं गैस रिसाव से बच्चों की हालत बिगड़ने की सूचना पर शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस भी मौके पर पहुंचे।
वहीं हादसे की जानकारी पंजाब के शिक्षा मंत्री मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने ट्वीट कर दी। उन्होंने लिखा कि हालात को देखते हुए मौके पर क्षेत्र की सभी एंबुलेंसों को रवाना किया। वह खुद भी वहां पहुंच रहे हैं। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक गैस लीक होने से छोटे बच्चों और कुछ लोगों को गला दर्द सिर दर्द आदि की समस्या पेश आई है, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।








































