PTB Big न्यूज़ मोहाली : पंजाब पुलिस के स्पेशल आपरेशन सेल के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस ने गैंगस्टर अनमोल दीप सोनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे मोहाली के खरड़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। गिरफ्तार गैंगस्टर अनमोल दीप सोनी कनाडा में बैठे गैंगस्टर लखबीर सिंह उर्फ लंडा का साथी है, जो लखबीर के लिए पंजाब में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।
स्पेशल आपरेशन सेल पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर अनमोल दीप सोनी को खरड़ की एक सोसायटी में उसकी गर्लफ्रेंड के फ्लैट से मंगलवार सुबह 8 बजे गिरफ्तार किया है। दीप सोनी की महिला मित्र को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। दीप सोनी से से पुलिस को 103 ग्राम हेरोइन भी मिली है। अनमोल दीप सोनी तरनतारन के हरिके का रहने वाला है। पुलिस की एक टीम उसके घर भी रवाना हुई है। पुलिस को शक है कि इसके घर से कुछ अहम सुबूत मिल सकते हैं।
पुलिस ने गैंगस्टर अनमोल दीप सोनी को दोपहर दो बजे मोहाली कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने उसे हथकड़ी पहनाई हुई थी, वहीं वह मीडिया से बचने के लिए हाथों से अपने चेहरे को छुपा रहा था। पुलिस ने रिकवरी दिखाने के लिए कोर्ट में पेश किया था। अब बुधवार को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। अनमोल दीप की गर्लफ्रैंड को भी कल अदालत में पेश किया जाएगा।








































