PTB Big न्यूज़ जालंधर / चंडीगढ़ : पंजाब में 2 दिन पहले DSP बने भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी वरुण कुमार पर नाबालिग लड़की से रेप के आरोप लगे हैं। कर्नाटक की रहने वाले लड़की का आरोप है कि वरुण ने उसे इंस्टाग्राम पर फंसाया। इसके बाद उसके साथ 5 साल तक रेप किया। वरुण के खिलाफ बेंगलुरु में पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
. .सूत्रों के मुताबिक इस मामले में बेंगलुरु पुलिस की टीम पंजाब और हिमाचल में रेड करने के लिए पहुंची है, हालांकि इसे लेकर पंजाब पुलिस के पास कोई इनपुट नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वरुण को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वरुण को बीते रविवार (4 फरवरी) को पंजाब के CM भगवंत मान ने DSP का नियुक्ति पत्र सौंपा था। उनका जन्म हिमाचल में हुआ, लेकिन अब वह परिवार के साथ जालंधर में रहते हैं। वह ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल विजेता टीम में शामिल रहे हैं।
.
.बेंगलुरु पुलिस को दिए गए बयानों में लड़की ने बताया कि 17 साल की उम्र में वह 2019 में इंस्टाग्राम के माध्यम से वरुण कुमार के संपर्क में आई। तब वरुण भारतीय खेल प्राधिकरण में ट्रेनिंग ले रहे थे। इसके बाद वरुण ने शादी का झांसा देकर रेप किया है। ये सिलसिला पिछले करीब पांच साल से चल रहा था। अब वह 21 वर्ष की है। अब उसने शादी से मना कर दिया है।
. .वरुण ने 2017 में भारतीय टीम के लिए पदार्पण किया। वह 2020 में हुए टोक्यो ओलिंपिक में भारत की कांस्य पदक विजेता हॉकी टीम के सदस्य भी थे। 2022 बर्मिंघम में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीता था। वरुण 2022 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे। उन्हें महाराजा रंजीत सिंह अवॉर्ड और अर्जुन अवॉर्ड मिल चुका है। वरुण का जन्म 25 जुलाई 1995 को हुआ था।
. .वह हिमाचल के चंबा जिले के डलहौजी के रहने वाले हैं। उनके पिता ट्रक ड्राइवर है। फिलहाल वह पंजाब में जालंधर के मिट्ठापुर गांव में रह रहे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 11 इंटरनेशनल खिलाड़ियों को बीते रविवार (4 फरवरी) को चंडीगढ़ स्थित आवास पर क्लास-वन सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे थे। इसमें भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर समेत भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह, मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, वरुण कुमार, शमशेर सिंह और शॉटपुट खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर को DSP नियुक्त किया गया।
.