PTB Big Political न्यूज़ नई दिल्ली : राज्यसभा चुनाव के नतीजों से पहले ही देश की सियासत में एक बड़ी हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में बड़े फेरबदल की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है। हालांकि, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की तरफ से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है कि टीम मोदी के कई मौजूदा मंत्रियों को कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखाकर
.संगठन में नई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसके साथ ही, आगामी विधानसभा चुनावों वाले राज्यों को साधने के लिए कई नए और चौंकाने वाले चेहरों की कैबिनेट में दमदार एंट्री हो सकती है। आगामी रणनीतियों के तहत भारतीय जनता पार्टी पंजाब में खासी सक्रिय नजर आ रही है। ऐसी प्रबल संभावनाएं जताई जा रही हैं कि इस बार मोदी कैबिनेट में पंजाब के चेहरों को खास तवज्जो दी जा सकती है।
. .भाजपा ने हाल ही में अपने महासचिव तरुण चुघ को मध्य प्रदेश से राज्यसभा सीट के लिए मैदान में उतारा है। उनके अलावा, पंजाब भाजपा की कमान संभाल चुके पूर्व कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ के नाम की भी जोरों पर चर्चा है। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली अटकलें मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से आ रही हैं, जिनमें कहा जा रहा है कि आम आदमी पार्टी (AAP) से आए राघव चड्ढा को भी मोदी कैबिनेट में मौका दिया जा सकता है।
. .हालांकि, राघव चड्ढा या किसी भी पार्टी नेता की ओर से अभी तक इस खबर की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। कैबिनेट विस्तार की इन चर्चाओं के बीच कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी होने की भी पक्की खबर सामने आ रही है। न्यू इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि वर्तमान कैबिनेट से कम से कम 2 मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। फिलहाल इन नेताओं के नामों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है,
. .लेकिन इस बात पर खास तौर पर गौर किया जा रहा है कि भाजपा ने इस बार राज्यसभा चुनाव के लिए अपने दो केंद्रीय मंत्रियों को टिकट ही नहीं दिया है। इनमें पंजाब से आने वाले रवनीत सिंह बिट्टू और जॉर्ज कुरियन का नाम शामिल है। रवनीत सिंह बिट्टू को दोबारा उम्मीदवार न बनाए जाने के बाद ही इस बात की प्रबल संभावनाएं बन गई हैं कि पंजाब से कई नए चेहरों को मंत्री परिषद में शामिल करके सबको चौंकाया जा सकता है।
.








































