PTB Business न्यूज़ मुंबई : वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के बीच भारतीय वायदा बाजार में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार के दौरान दोनों ही कीमती धातुओं में करीब 1.10 प्रतिशत तक की कमजोरी देखने को मिली, जिससे खरीदारों और निवेशकों की नजरें स्क्रीन पर टिक गईं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का 5 अक्टूबर, 2026 का बेंचमार्क कॉन्ट्रैक्ट
. .अपनी पिछली क्लोजिंग 1,52,341 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 1,571 रुपये (1.03 प्रतिशत) की तेज गिरावट के साथ 1,50,770 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। हालांकि, निचले स्तरों पर हल्की रिकवरी देखने को मिली और सुबह 9:48 बजे तक यह 867 रुपये यानी 0.57 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,51,474 रुपये पर कारोबार कर रहा था। दिन के शुरुआती सत्र में सोने ने 1,50,695 रुपये का निचला स्तर और 1,51,483 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ।
. .सोने के नक्शेकदम पर चलते हुए चांदी की कीमतों में भी तेज बिकवाली हावी रही। एमसीएक्स पर चांदी का 4 दिसंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,34,099 रुपये प्रति किलो के मुकाबले 2,530 रुपये (1.08 प्रतिशत) की बड़ी गिरावट के साथ 2,31,569 रुपये प्रति किलो पर खुला। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,30,270 रुपये प्रति किलो का निचला स्तर और 2,32,096 रुपये प्रति किलो का उच्चतम स्तर देखा।
.यह भी पढ़ें : Share Market में मची हाहाकार, निवेशकों के करोड़ों रुपए हुए स्वाहा
.अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी बुलियन पैक लाल निशान में फिसलता नजर आया। कॉमेक्स (COMEX) पर सोना 1.29 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,350 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी में 1.99 प्रतिशत की तेज गिरावट दर्ज की गई और यह 63.63 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी। कमोडिटी बाजार के जानकारों का कहना है कि पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव गहराने के बाद अमेरिकी डॉलर में आई मजबूती ने बुलियन पर दबाव बढ़ा दिया है।
.यह भी पढ़ें : IRCTC Money Laundering Case में लालू, तेजस्वी और राबड़ी सहित 9 के खिलाफ आरोप हुए तय
प्रमुख वैश्विक मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती मापने वाला डॉलर इंडेक्स चढ़कर एक सप्ताह के उच्चतम स्तर 99.12 पर पहुंच गया है। इसके अलावा, अमेरिका में आज देर शाम जारी होने वाले अहम महंगाई आंकड़ों से पहले निवेशक काफी सतर्क हैं, क्योंकि इन्हीं आंकड़ों से अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों पर रुख और सोने-चांदी की आगे की चाल तय होगी।






























