PTB Big न्यूज़ मुंबई : मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की 29 मई को दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड के बाद से ही सलमान खान खूब सुर्खियों में हैं। दरअसल, मूसेवाला के मर्डर के बाद दबंग खान की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। वहीं, अब एक्टर को लेकर एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है।
मीडिया सूत्रों की मानें तो सलमान खान के पिता सलीम खान को एक धमकी भरा पत्र मिला है, जिसमें भाईजान को जान से मारने का जिक्र (Salman Khan Murder Threat) किया गया है। जानकारी के मुताबिक सलमान खान के पिता, हर रोज की तरह सुबह उठकर जॉगिंग करने गए। इस दौरान वो जॉगिंग कर एक बेंच पर बैठे जहां उन्हें, उनके और सलमान खान के नाम से एक धमकी भरा पत्र मिला।
इस लेटर में लिखा था कि सलमान खान का भी सिद्धू मूसेवाला जैसा हाल कर देंगे। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सलीम खान को लेटर सुबह 7:30 से 8:00 बजे के करीम मिला। सलीम खान की शिकायत पर बांद्रा पुलिस ने अज्ञात शख्श के खिलाफ मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, जिस लॉरेंस विश्नोई का नाम सिद्धू मूसेवाला की हत्या में सामने आ रहा है उसने एक बार बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को भी मारने की धमकी दी थी। सलमान खान कभी लॉरेंस बिश्नोई के रडार पर थे। साल 2018 में, लॉरेंस बिश्नोई ने सलमान को मारने की योजना बनाई थी क्योंकि वो काले हिरण को मारने की घटना से उनसे नाराज था। आपको बता दें, गैंग्सटर लॉरेंस; बिश्नोई समाज से हैं जो प्रकृति और वन्य जीवों के प्रति गहरी आस्था रखते हैं।
इस मामले को लेकर मुंबई पुलिस एक बार फिर चौकंन्ना हो गई है और सलमान खान की सुरक्षा में इजाफा कर दिया है। वहीं एक प्रतिष्ठित न्यूज़ चैनल से बात करते हुए, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि “हमने सलमान खान की सुरक्षा बढ़ाई है। पुलिस यह सुनिश्चित करने के लिए उनके अपार्टमेंट के आसपास मौजूद रहेगी कि राजस्थान से गिरोह द्वारा कोई नापाक हरकत न की जाए।








































