PTB City न्यूज़ जालंधर : पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने आज यहाँ कहा कि उद्योग और व्यापार को प्रोत्साहित किए बिना राज्य की तरक्की संभव नहीं और मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार उद्योगों को बढ़ावा देकर राज्य की पटरी से उतरी हुई अर्थव्यवस्था को फिर से मज़बूत करके पटरी पर लाएगी, जिससे राज्य के अंदर हर क्षेत्र का अपेक्षित विकास सुनिश्चित बनाया जा सके।
स्थानीय जि़ला प्रशासनिक कॉम्पलैक्स में जनता बजट सम्बन्धी अहम विचार करने पहुँचे वित्त, कराधान और आबकारी एवं सहकारिता मंत्री हरपाल चीमा का जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर आदि जिलों से आए उद्योगपतियों और व्यापारियों ने भरपूर स्वागत करते हुए कहा कि पंजाब सरकार द्वारा बजट बनाने के लिए हर एक वर्ग के सुझाव माँगना ऐतिहासिक निर्णय के साथ-साथ बहुत ही सराहनीय प्रयास है, जिसके द्वारा राज्य के लोग जनता बजट में हिस्सेदार बनेंगे। वित्त मंत्री ने अलग-अलग क्षेत्रों में उद्योगों के साथ जुड़े प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों को ध्यान से सुनते हुए कहा कि जनता बजट के लिए हर एक व्यक्ति के सुझाव को पूरी सौहृदयता और गंभीरता से विचारा जाएगा, जिसके उपरांत उस पर उपयुक्त फ़ैसला लेकर लोगों की राय को अमली जामा पहनाया जाएगा।
राज्य के विकास, तरक्की और रोजग़ार के अवसर पैदा करने के लिए उद्योगों को रीढ़ की हड्डी बताते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि उद्योगपतियों द्वारा उठाए गए अलग-अलग मसलों को मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा पूरी शिद्दत से विचार करने के बाद आने वाले समय में बनता समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले 25 सालों के दौरान किसी भी सरकार ने उद्योगों की सुध नहीं ली और उद्योगों के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे फोकल प्वाइंट्स आदि की भी सुध नहीं ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा जनता बजट में लोगों के मसलों को प्राथमिकता दी जाएगी और अब उद्योगों को बढ़ावा देकर राज्य में अर्थव्यवस्था की मज़बूती के साथ-साथ रोजग़ार के अवसर भी पैदा किए जाएंगे।
‘जनता बजट’ सम्बन्धी हरपाल चीमा ने कहा कि लोग अपने-अपने सुझाव लिखित रूप में पंजाब सरकार द्वारा जारी पोर्टल और finance.punjab.gov.in punjabdabudget0gmail.com पर भेजने के साथ-साथ अपने हलके के विधायक या जि़ले के डिप्टी कमिश्नर को दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के सुझाव लेने के लिए मंडी गोबिन्दगढ़ से शुरू की गई मुहिम के अंतर्गत वह संगरूर, बठिंडा, लुधियाना के बाद जालंधर पहुँचे हैं और आज-कल में अमृतसर, बटाला और मोहाली के अलावा बाकी इलाकों में भी जा रहे हैं, जिससे लोगों के साथ सीधा संबंध स्थापित कर एक लोक-समर्थक बजट तैयार किया जा सके।
उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा लोगों के साथ किया गया हर एक वादा पूरा करने के लिए जी-जान से काम कर रही है और आने वाले समय में सभी गारंटियां पूरी की जा रही हैं। अलग-अलग उद्योगों से संबंधित उद्योगपतियों गुरशरन सिंह, नरिन्दर सिंह सग्गू, तेजिन्दर सिंह भासीन, शाम कुमार गुप्ता, जे.एस. चौहान आदि ने भी अपने-अपने विचार वित्त मंत्री के समक्ष रखे।
इस मौके पर अन्यों के अलावा हलका नकोदर से विधायक इन्दरजीत कौर मान, करतारपुर से विधायक बलकार सिंह, जालंधर पश्चिमी से विधायक शीतल अंगुराल, जालंधर केंद्रीय से विधायक रमन अरोड़ा, शाम चौरासी से विधायक डॉ. रवजोत, टांडा से विधायक जसबीर सिंह राजा, दसूहा से विधायक कर्मवीर सिंह घुम्मन, नवां शहर से विधायक नछतर पाल, डिप्टी कमिश्नर घनश्याम थोरी, पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह तूर के अलावा आप नेता राजविन्दर कौर, सुरिन्दर पाल सिंह सोढी, मंगल सिंह, दिनेश ढल्ल, आदि मौजूद थे।
भूजल को बचाने के लिए ऐतिहासिक कदम: किसानों द्वारा धान की बिजाई को लेकर दिए गए माँग पत्रों सम्बन्धी पूछे गए एक सवाल के जवाब में वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा भूजल के दिन-ब-दिन गिर रहे स्तर को रोकने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। जिससे हमारी आने वाली पीढिय़ों के लिए यह प्राकृतिक स्रोत बचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि धान की फ़सल लगाने के लिए दीं गईं तारीकें पंजाब और पंजाबियों के कल्याण के लिए एक रचनात्मक और सार्थक कदम है, जिसका भविष्य की ज़रूरतें पूरी करने में बड़ा फ़ायदा होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा फ़सलीय विभिन्नता को बड़ा बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसके अंतर्गत मूँग की दाल की फ़सल पर एम.एस.पी. भी घोषित की जा चुकी है।





































