PTB News “शिक्षा” : एच.एम.वी. कॉलेजिएट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्राचार्या प्रो.डॉ. (श्रीमती) अजय सरीन के दिशा-निर्देशन में जनसंख्या नियंत्रण एवं वैश्विक जनसंख्या के मुद्दों से संबंधित इस विकट परिस्थिति के प्रति छात्राओं में जागरूकता पैदा करने हेतु विश्व जनसंख्या दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें +1 एवं +2 की कुल छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभागिता की।
छात्राओं द्वारा बनाए गए पोस्टरों के माध्यम से छात्राओं ने बहुत ही खूबसूरत एवं ज्ञानवर्धक संदेश दिया कि जनसंख्या को कैसे नियंत्रित किया जा सकता है एवं जनसंख्या की वृद्धि से संसाधनों की कमी, अशिक्षा, बेरोजगारी, गरीबी, भूखमरी एवं सामाजिक बुराइयों आदि जैसी कई गंभीर समस्याएं पैदा होती हैं और बढ़ती हुई जनसंख्या पर्यावरण के लिए नुकसानदायक एवं खतरनाक है।
छात्राओं ने पोस्टरों द्वारा लघु परिवार, सुखी परिवार के विचार पर जोर दिया और आग्रह किया कि अब समय आ गया है कि हम जनसंख्या वृद्धि को रोकने के लिए गंभीर कदम उठाएं एवं अपने देश को खुशहाल और समृद्ध बनाएं। प्राचार्या डॉ. अजय सरीन ने छात्राओं द्वारा बनाए पोस्टरों एवं संदेशों की सराहना की और कहा कि देश में जनसंख्या विस्फोट ने हमारे विकास को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है जितनी बड़ी देश की जनसंख्या, उतनी बड़ी समस्याएं।
इसलिए दुनिया के अस्तित्व को सुरक्षित एवं बेहतर बनाने के लिए जनसंख्या नियंत्रण अति आवश्यक है जिससे देश निरंतर उन्नति के पथ पर अग्रसर रह सकता है। श्रीमती मीनाक्षी स्याल, स्कूल कोआर्डिनेटर ने कहा कि एच.एम.वी. इस प्रकार की गतिविधियों को बार-बार आयोजित करके छात्राओं को प्रेरित एवं प्रोत्साहित करने हेतु हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहता है। जिससे छात्राओं में सामाजिक बुराइयों हेतु जागरूकता पैदा होती है।
उन्होंने कहा कि हम सभी को समाज एवं देशवासियों में जनसंख्या नियंत्रण हेतु जागरूकता पैदा करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए। इस अवसर पर आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका श्रीमती उर्वशी मिश्रा, डॉ. शैलेन्द्र कुमार और सुश्री हरप्रीत ने सफलतापूर्वक निभाते हुए कु. कोमल बंगा +2 कामर्स ने पहला, कु. शैफरीन +2 कामर्स ने दूसरा, कु. विधिता शर्मा +1 नॉन मेडिकल ने तीसरा एवं कु. कामाक्षी +1 मेडिकल और कु. सृष्टि जैन +1 कामर्स ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। कार्यक्रम का आयोजन सुश्री सुकृति की देखरेख में किया गया।








































