PTB Political न्यूज़ मंडी / कुल्लू : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का मंगलवार सुबह आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने हिमाचल पहुंचीं। प्रियंका चंडीगढ़ से हवाई मार्ग से कुल्लू के भुंतर पहुंचीं। उनके साथ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, सांसद प्रतिभा सिंह और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने बाढ़ से हुई तबाही का जायजा लिया।
प्रियंका भुंतर में बाढ़ प्रभावितों से भी मिलीं। इस दौरान प्रभावित लोगों की समस्याओं को सुना और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। प्रियंका गांधी सोलन और मंडी जिले का भी दौरा करेंगी। मनाली में बाढ़ प्रभावितों से बातचीत के बाद उनका हेलिकाप्टर से मंडी के पंडोह जाने और प्रभावितों से मिलने का कार्यक्रम है। इसके बाद सोलन पहुंचेंगी। इसके बाद प्रियंका कल्याणी हेलिपेड शिमला आएंगी।
बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी शिमला के छराबड़ा स्थित अपने आवास पर ही रुकेंगी। बुधवार को वह शिमला में भी आपदा प्रभावितों से बातचीत कर सकती हैं। इससे पहले सोमवार को प्रियंका ने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में लिखा कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन से आई आपदा ने हजारों करोड़ का नुकसान किया है। सैकड़ों जानें गई हैं और बड़ी संख्या में लोग बेघर हुए हैं। राज्य सरकार अपने स्तर पर हर संभव मदद, राहत पहुंचाने व पुनर्निर्माण का कार्य कर रही है,
लेकिन हिमाचल प्रदेश की लगातार अपील के बावजूद केंद्र सरकार ने असंवेदनशील रवैया अपनाया है और अब तक इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित नहीं किया है। प्रियंका ने केंद्र सरकार से अपील की कि यह कठिन समय हिमाचल वासियों के साथ खड़े होने का है। प्रदेश में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित कर राहत व पुनर्वास कार्य में हिमाचल की जनता को हर संभव मदद पहुंचाई जाए।






































