PTB Big न्यूज़ अमृतसर : विश्व की सबसे सस्ती एयरलाइंस स्कूट ने अमृतसर-सिंगापुर के बीच फ्लाइट्स बढ़ाने का फैसला किया है। इस फैसले के बाद सिंगापुर जाने के चाहवान पंजाब के लोगों को सस्ती व बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। इतना ही नहीं, आने वाले महीनों में मलिंदो एयरलाइंस की फ्लाइट मलेशिया के कुआलालंपुर के लिए भी फ्लाइट शुरू कर सकती है।
स्कूट से मिली जानकारी के अनुसार, अमृतसर से सिंगापुर के लिए सप्ताह में तीन की जगह पांच दिन दोनों देशों के बीच फ्लाइट उड़ान भरेगी। अमृतसर से सिंगापुर के लिए पहले सप्ताह में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को फ्लाइट उड़ान भरती थी, लेकिन अब यह फ्लाइट रविवार, सोमवार, बुधवार, वीरवार और शुक्रवार को उड़ान भरेगी।
अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फ्लाइट शाम 7.40 बजे उड़ान भरेगी और 6 घंटे बाद सिंगापुर में लैंड करेगी। फ्लाइट सिंगापुर से भारतीय समय के अनुसार शाम 3.10 बजे उड़ान भरेगी और शाम भारतीय समय के अनुसार शाम 6.40 बजे अमृतसर में लैंड कर जाएगी।
स्कूट एयरलाइंस की खास बात है कि आप अगर सिंगापुर की प्लानिंग कर रहे हैं तो यह फ्लाइट आपको तकरीबन 5 हजार रुपए में पहुंचा सकती है और इतने रुपए में ही वापस भी ला सकती है, लेकिन इसके लिए आपको कुछ समय पहले प्लानिंग करते हुए टिकट बुक करवानी होगी।








































