PTB Big न्यूज़ अमेरिका : अमेरिका के न्यूयार्क शहर में रिचमंड हिल क्वींज में गुरुघर सिख कल्चर सोसाइटी के रास्ते में बीते दिनों बुजुर्ग निर्मल सिंह (75) पर हमला हुआ। अज्ञात युवक ने पैदल जा रहे निर्मल सिंह के मुंह पर मुक्के मारने शुरू कर दिए। यह मामला अब शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के पास पहुंचा है। SGPC ने अमेरिका की सिख जत्थेबंदियों को एक होकर बुजुर्ग निर्मल सिंह को इंसाफ दिलाने की बात कही है।
मिली जानकारी के अनुसार, निर्मल सिंह गुरुघर में सेवा के लिए जा रहे थे। रिचमंड हिल क्वींज में एक व्यक्ति उनके पास आया और मुंह पर मुक्के मारने लगा। बुजुर्ग वहीं गिर गए। बुजुर्ग दो सप्ताह पहले ही कनाडा से अमेरिका में आए थे। वहीं स्थानीय अधिकारियों व मेयर एरिक एडम्ज ने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हमला कम गिनती के लोगों से नफरत का नतीजा है। SGPC के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी अमेरिका व विदेशों में हो रहे नसली हमलों पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
SGPC के प्रधान एडवोकेट धामी ने कहा कि अमेरिका की तरक्की में पंजाबियों का खास योगदान रहा है। सिखों के दिलों में हर धर्म के व्यक्ति के लिए सत्कार है। मुश्किल के समय में सिख सेवा में हर वक्त आगे आते हैं। लेकिन हैरानी की बात है कि सरबत का भला मांगने वाले सिखों पर नसली हमले हो रहे हैं। SGPC ने कई बार भारत सरकार को लिखा है कि विदेश मंच पर नसली हमलों के मुद्दों को उठाया जाए। विदेशी सरकारों के पास भी इन मामलों को उठाएं और सिखों की सुरक्षा को यकीनी बनाया जाए।





































