PTB Big न्यूज़ जम्मू कश्मीर : कश्मीर घाटी में लक्षित हत्याओं का सिलसिला जारी है। यहां लगातार हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। कुलगाम जिले में गुरुवार को एक बार फिर से आतंकियों ने दूसरे राज्य से संबंध रखने वाले एक बैंककर्मी पर हमला कर दिया है। गोली लगने से बैंक मैनेजर घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे पहले मंगलवार को ही आतंकियों ने कुलगाम में हिंदू महिला शिक्षक की गोली मारकर हत्या की थी।
जानकारी के अनुसार, कुलगाम के मोहनपोरा में इलाकी देहाती बैंक में तैनात बैंक प्रबंधक की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। एक अधिकारी ने बताया कि इलाकाही देहाती बैंक के एक बैंक मैनेजर को आतंकवादियों ने उस समय गोली मार दी, जब वह कुलगाम में आरेह मोहनपोरा शाखा में ड्यूटी पर था।
बैंक मैनेजर की पहचान राजस्थान के विजय कुमार के रूप में हुई है जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान बैंक मैनेजर की मौत हो गई। इस बीच, हमलावरों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी की है।
इस महीने आतंकियों ने एक कश्मीरी पंडित समेत दो हिंदू सरकारी कर्मचारियों की हत्या की है।
घटना के बाद कश्मीर से लेकर जम्मू तक जबर्दस्त विरोध प्रदर्शन हुआ। पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी के साथ ही उसका पुतला फूंका गया। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों ने घटना की निंदा की है।








































