PTB Big न्यूज़ नई दिल्ली : पंजाब के जाने-माने गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद अब उनके पिता को जान से मारने की धमकी मिली है। सिद्धू मूसेवाला के पिता को एक पोस्ट के जरिए ये धमकी दी गई है। उस पोस्ट में धमकी भरे अंदाज में साफ़ लिखा है- अगला नंबर बापू का।
सिद्धू मूसेवाला के पिता के मुताबिक सिंगर के कुछ दोस्तों ने उन्हें बताया कि इंस्टाग्राम पर पाकिस्तान से एक पोस्ट किया गया है। उसी पोस्ट में ये धमकी दी गई है। इंस्ट्राग्राम पर लिखा गया है…अगला नंबर बापू का’। इस बारे मूसेवाला के पिता ने पुलिस को जानकारी दी है और आगे मामले की जांच शुरू हो गई है। अभी के लिए इस पूरे मामले में पाकिस्तानी एंगल आना बड़ी बात है।
पहले की जो भी जांच हुई है, उसमें सिर्फ गैंगस्टर गोल्डी बरार और लॉरेंस बिश्नोई तक केस को सीमित रखा गया है, लेकिन अब पाकिस्तान से अगर सिद्धू मूसेवाला के पिता को जान से मारने की धमकी मिलती है, पुलिस के लिए ये केस और ज्यादा पेंचीदा बन सकता है। मूसेवाला हत्याकांड में बीते दिन अटारी में एक एनकाउंटर में पंजाब पुलिस ने सिंगर के दोनों हत्यारों को ढेर कर दिया।
पुलिस मुठभेड़ में गैंगस्टर जगरूप सिंह रूपा और मनप्रीत सिंह पन्नू को मार गिराया गया। उस एनकाउंटर के बाद मृतकों की पहचान करने के लिए बकायदा 2 चश्मदीदों को अटारी बुलाया गया था। ये दोनों चश्मदीद वही थे जो सिद्धू के साथ वारदात के वक्त थार गाड़ी में बैठे हुए थे। दोनों चश्मदीदों को शूटर की लाश दिखाई गई और मृतकों की पहचान हुई।








































