PTB Big न्यूज़ जालंधर : कपूरथला चौक नहर के पास भ्रूण फेंक रहे एक व्यक्ति को लोगों ने काबू कर लिया। इस दौरान उसके साथ में नाबालिग युवती भी थी। नाबालिग का आरोप था कि भ्रूण फेंकने वाला व्यक्ति उसका पिता है। जब वह गर्भवती हो गई तो जबरदस्ती गर्भपात करवाकर भ्रूण नहर में फेंकने आया था। फिलहाल नाबालिग की गंभीर हालत देखते हुए लोगों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवा दिया है।
सिविल अस्पताल में लड़की ने आरोप लगाया कि पिता डरा धमका उसके साथ गलत काम करता था। जब वह विरोध करती तो उसे बुरी तरह मारा-पीटा जाता था। वहीं पर मौजूद लड़की के पिता ने आरोपों को निराधार बताया। उसने बताया कि वह नहर पर हो रहे झगड़े को देखने आया था कि लोग उसे पकड़कर ले आए।
लोगों ने इसकी सूचना बस्ती बावा खेल पुलिस को दी। इस दौरान वहां पर मौजूद कुछ लोग लड़की के पिता को पीटने पर उतारू हो गए, जिसके बाद वहां पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना थाना-4 की पुलिस को दी। पुलिस युवती के पिता को साथ ले गई। देर रात तक मामले की जांच चल रही थी।








































