PTB Big न्यूज़ लाहौर : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रैली में फायरिंग होने के दौरान इमरान के पैरों में गोली लगी है। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल दाखिल करवाया गया है। वहीं रैली में कई अन्य लोग भी घायल हुए है। इस बीच रैली में गोली चलाने वाले हमलावर की वीडियो सामने आई है। जिसमें वह बता रहा है कि आखिर उसने क्यों इमरान खान की रैली में फायरिंग की।
इमरान पर गोली चलाने वाले ने एक पाकिस्तानी चैनल से बात की। जिसकी वीडियो भी वायरल हो रही है। इस दौरान उसने कहा कि इमरान खान मुल्क को गुमराह कर रहे हैं। वे अपनी रैली के दौरान सिर्फ शोर शराबा कर रहे हैं। अजान के दौरान भी डेक बजाकर शोर मचाया जा रहा है। इससे नाराज होकर मैंने उन्हें मारने की कोशिश की। मैं सिर्फ इमरान को मारना चाहता था। मुझे किसी ने नहीं भेजा है। मैं अकेला हूं और जो कुछ भी हुआ, उसके लिए मैं ही जिम्मेदार हूं।
पुलिसवाले हमलावर से पूछते हैं कि उसने इमरान खान पर हमला क्यों किया? इसपर वह कहता है कि इमरान खान लोगों को गुमराह कर रहे थे और वह उससे देखा नहीं गया। हमलावर ने आगे कहा कि मैंने सिर्फ इमरान खान को मारने की पूरी कोशिश की थी।
इमरान खान को मारने की प्लानिंग क्यों की? इसपर हमलावर ने कहा कि उधर अजान हो रही होती थी, उधर ये लोग डैक (ऑडियो सिस्टम) लगाकर शोर करते थे। जिस चीज को मैंने अच्छा नहीं माना। हमलावर ने आगे कहा कि मैंने यह हमला करने का प्लान उस दिन बनाया था जिस दिन इमरान ने लाहौर से रैली (आजादी मार्च) शुरू की थी।
इस पर हमलावर ने कहा कि मैंने हमले का प्लान अकेले बनाया और हमले को अकेले ही अंजाम दिया। वह बोला कि मैं बाइक पर अकेले आया था, जिसे मैंने अपने मामा की दुकान पर खड़ा किया था। हमले में शामिल इस शख्स का नाम फैसल भट्ट बताया जा रहा है। इसे हमले के दौरान रैली में मौजूद एक शख्स ने पकड़ लिया था। फिर संदिग्ध को पुलिस के हवाले कर दिया गया था।








































