PTB Big न्यूज़ लुधियाना : लुधियाना में दुगरी पुलिस ने रिटायर DSP रणधीर सिंह और उनके बेटे के खिलाफ धमकी देने, लापरवाही से गाड़ी चलाने और एक प्रॉपर्टी डीलर पर हमला करने के आरोप में मामला दर्ज किया। FIR पीड़ित कुलदीप शर्मा की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसकी बहू ऑस्ट्रेलिया में रहती है और भाई हिम्मत सिंह नगर में उसका एक प्लाट है।
प्लाट का एक छोटा हिस्सा अवैध रूप से रिटायर पुलिसकर्मी के पास था और उस मामले में पुलिस जांच पहले से ही चल रही थी। 5 मार्च को वह अपनी स्कॉर्पियो में दुगरी नहर से दुगरी चौक जा रहा था, तभी फॉर्च्यूनर ने उसकी गाड़ी में टक्कर मार दी। कुलदीप मुताबिक फॉर्च्यूनर को रिटायर्ड DSP रणधीर चला रहा था। बाद में रणधीर का बेटा भी दूसरी कार में वहां पहुंचा, जिसके साथ कुछ अज्ञात लोग भी थे। कुलदीप मुताबिक रणधीर ने उसे कहा कि वह प्लाट वाले मामले से दूर रहे,
अन्यथा उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इसके साथ उन्होंने टांग और बाजू तोड़ने की धमकी की। पीड़ित ने बताया कि उसने पुलिस कमिश्नर मनदीप सिंह सिद्धू के समक्ष शिकायत दर्ज कराई, जिन्होंने किसी वरिष्ठ अधिकारी को जांच सौंपी। लंबी जांच के बाद पुलिस ने रणधीर, उसके बेटे और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आपको यह भी बता दें कि 16 जून को दुगरी पुलिस ने सराभा नगर निवासी रजनीश ठाकुर की शिकायत पर भी रिटायर DSP रणधीर सिंह और उनके साले कमलजीत सिंह के खिलाफ मारपीट और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया था।