PTB Big न्यूज़ जालंधर : लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी आज जालंधर के विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा सचखंड बल्लां में नतमस्तक हुए। इस दौरान उन्होंने डेरा प्रमुख संत निरंजन दास जी महाराज से मुलाकात कर गुरु का पावन आशीर्वाद लिया। सांसद चन्नी ने डेरे में माथा टेक कर ‘सरबत के भले’ (सभी की भलाई) की कामना की और पंजाब की तरक्की, आर्थिक विकास तथा राज्य के लोगों की सुख-समृद्धि व खुशहाली के लिए विशेष अरदास की।
. .मरीजों के लिए बड़ी सौगात:– सांसद फंड से मिली अत्याधुनिक एम्बुलेंस
डेरा परिसर में श्रद्धालुओं और पत्रकारों को संबोधित करते हुए सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने एक बड़ी सौगात की घोषणा की। उन्होंने बताया कि डेरा सचखंड बल्लां की संगत और स्थानीय लोगों की चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ाने के प्रयास के तहत उन्होंने अपने सांसद कोटा (MP Fund) से करीब ₹22 लाख की राशि जारी की है। इस फंड से उन्होंने डेरा बल्लां के संत सरवन दास चैरिटेबल अस्पताल को एक सर्वसुविधायुक्त नई एम्बुलेंस भेंट की है। चन्नी ने कहा कि इस एम्बुलेंस के शुरू होने से आपातकालीन स्थिति में गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा और जालंधर के ग्रामीण इलाकों के लोगों को बहुत बड़ी सहूलियत मिलेगी।
. .दोआबा की राजनीति और समाज में डेरा बल्लां का विशेष महत्व:–
पंजाब के दोआबा क्षेत्र में स्थित डेरा सचखंड बल्लां देश-विदेश में बसे रविदासिया समुदाय का सबसे बड़ा और श्रद्धेय धार्मिक केंद्र है। करोड़ों अनुयायियों की आस्था का केंद्र होने के कारण पंजाब की सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था में इस डेरे का बेहद खास स्थान है। यही कारण है कि चुनाव हो या कोई बड़ा सामाजिक अवसर, देश और राज्य के तमाम बड़े नेता यहाँ संत निरंजन दास जी महाराज का आशीर्वाद लेने और उनका मार्गदर्शन प्राप्त करने पहुँचते हैं। चरणजीत सिंह चन्नी का भी इस डेरे से पुराना और बेहद गहरा पारिवारिक नाता रहा है, जिसके चलते वे समय-समय पर यहाँ सेवा और हाजिरी लगाने आते रहते हैं।
. . .यह भी पढ़ें : खान सर के वकील की कोर्ट में दलील के बाद माननीय अदालत ने सुनाया फैसला
.








































