PTB Sad न्यूज़ डेरा बस्सी : मोहाली के डेराबस्सी में आज यानि बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। डेराबस्सी के गांव मुबारकपुर में एक घर की कच्ची छत गिरने युवक की मौत हो गई। 19 साल युवक की घर की छत गिरने से मलबे के नीचे दबने से मौत हुई है। मृतक युवक का पहचान अनीश कुमार के रूप में हुई है।
मुबारकुपर गांव में आज सुबह यह हादसा हुआ है। हादसा उस समय हुआ जिस समय युवक घर पर अकेला था और घर के अन्य सदस्य काम पर गए हुए थे। घर की छत गिरने के बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हुए। लोगों ने मलबे के नीचे दबे अनीश कुमार को कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से बाहर निकाला और डेराबस्सी सिविल अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में डाक्टरों ने अनीश को मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर की कच्ची छत भरभराकर गिर गई। घर की छत गिरने की आवाज सुन आसपास के लोग इकट्ठा हुए और मलबे को हटाना शुरू किया। लोगों को मलबे को हटाने और युवक को निकालने में करीब आधा घंटा लग गया। तब तक युवक अनीश का दम घुटकर उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक अनीश घर का इकलौता था। घटना की सूचना उसके घरवालों को दी गई तो वह अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत से माता पिता का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। दोपहर में पोस्टामार्टम किया जाएगा उसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। हालांकि डेराबस्सी पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।








































