PTB Big न्यूज़ चंडीगढ़ : पंजाब में पाकिस्तान की ड्रोन गतिविधियां थम नहीं रही हैं। पिछले शनिवार को भी पठानकोट के बमियाल क्षेत्र में ड्रोन से घुसपैठ की कोशिश की गई। हालांकि सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने इसे नाकाम कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस, बीएसएफ और कमांडो ने सर्च ऑपरेशन चलाया। बीते एक साल में पंजाब में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ऐसी डेढ़ दर्जन से अधिक घटनाओं को दर्ज किया गया।
पंजाब में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से ड्रोन के जरिये नशे और हथियार तस्करी के लगातार बढ़ते मामलों के मद्देनजर पंजाब पुलिस, बॉर्डर रेंज के अधिकारियों और इंटेलिजेंस विभाग ने राज्य के सीमावर्ती जिलों में नए नियम लागू किए हैं। इन जिलों में अब भारत-पाक सीमा से छह किलोमीटर के क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी लगा दी गई है, जो पहले तीन किलोमीटर तक थी।
अब से प्रतिबंधित क्षेत्र में ड्रोन मिला तो पंजाब पुलिस और बीएसएफ उस पर हमला कर तुरंत नष्ट कर देगी। साथ ही ड्रोन रखने वाले हर व्यक्ति को इसे उड़ाने के लिए अपने इलाके के डीसी से परमिट लेना होगा। दो दिन पहले चंडीगढ़ में पंजाब के डीजीपी गौरव यादव की अध्यक्षता में सुरक्षा को लेकर हुई बैठक में राज्य पुलिस के आला अधिकारियों, सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधिकारियों के अलावा इंटेलिजेंस, काउंटर इंटेलिजेंस, विभिन्न एसटीएफ के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में DIG बार्डर रेंज भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये शामिल हुए। बैठक में फैसला लिया गया कि सीमा पार से घुसपैठ करने वाले ड्रोन को समय रहते पहचानने और मार गिराने के लिए स्थानीय स्तर पर ड्रोन उड़ाए जाने पर रोक लगाई जाए। इस संबंध में लोगों को जागरूक बनाने के लिए सिविल, पुलिस और प्रशासन की मदद ली जाए।








































