PTB Big न्यूज़ चंडीगढ़ : पंजाब में एक बार फिर सियासी पारा गरमाने वाला है क्योंकि पंजाब सरकार ने नगर निगम के चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री भगंवत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने बड़े नगर निगम जैसे जालंधर, लुधियाना, अमृतसर, फगवाड़ा व पटियाला में नगर निगम चुनाव कराने के लिए 15 नवंबर का दिन चुना है। इस संबंध में स्थानीय निकाय विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।
. .इसके साथ ही पांच निगमों के चुनाव की तैयारी का काम भी शुरू हो गया है। स्थानीय निकाय विभाग ने चुनाव कराने को लेकर राज्य चुनाव आयोग को औपचारिक पत्र भेज दिया है। अमृतसर, पटियाला, जालंधर और लुधियाना के मेयर और पार्षदों का कार्यकाल इस साल जनवरी में समाप्त हो गया है, जबकि फगवाड़ा नगर निगम के अस्तित्व में आने के बाद से एक बार चुनाव हुए हैं। राज्य सरकार ने इन निगमों में वॉर्डबंदी आदि का काम पूरा कर लिया है।
.
.बताते चलें कि दिसंबर 2022 से फरवरी 2023 के बीच 34 नगर परिषदों और नगर पंचायतों का कार्यकाल भी समाप्त हो चुका है। चुनाव आयोग के अंतिम फैसले के बाद नगर निगम चुनाव की तारीख तय हो जाएगी और उसी के अनुसार चुनाव कराए जाएंगे। आपको यह भी बता दें कि पंजाब सरकार को ही नगर निगम चुनाव की तारीख को तय करना था। वहीं राज्य की 39 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव और 27 नगर पंचायतों और नगर परिषदों के चुनाव का भी नोटिफिकेशन पहले ही जारी कर दिया गया है और यहां भी 15 नवंबर को चुनाव कराए जाएंगे।
. . .






































