PTB News शिक्षा : हंसराज महिला महाविद्यालय, जालंधर ने भारत सरकार के साइंस एंड टैक्नालोजी के बायोटैक्नालोजी विभाग द्वारा डीबीटी स्टार कालेज स्कीम के अन्तर्गत 142 लाख की ग्रांट प्राप्त की है। प्राचार्या प्रो. डॉ. (श्रीमती) अजय सरीन ने डीबीटी के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि 7 विभागों (बॉटनी, जोलॉजी, बायोटेक्नालोजी एवं बायोइन्फारमेटिक्स, कम्प्यूटर साइंस एंड आई.टी., कैमिस्ट्री, फिजिक्स एवं गणित) को ग्रांट के लिए चयनित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस प्रोग्राम के तहत विभाग क्रिटिकल थिंकिंग को बेहतर बनाने तथा साइंस के विद्यार्थियों में प्रौयौगिक काम को प्रोत्साहित करने के लिए कार्य करेंगे। यह स्कीम अकादमिक व फिजिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर सुधार कर उच्च शिक्षा के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि यह प्राप्ति फैकल्टी सदस्यों के कड़े परिश्रम तथा डीएवी प्रबन्धकत्र्री समिति, नई दिल्ली के हमारे मार्गदर्शकों के आशीर्वाद के कारण ही संभव हो पाई है।
उन्होंने कहा कि यह ग्रांट की राशि तथा रिव्यू कमेटी द्वारा की गई प्रशंसा ही सर्वश्रेष्ठ की तरफ ले जाने वाली ताकत है। डीन इनोवेशन एंड रिसर्च तथा स्टार स्कीम कोआर्डिनेटर डॉ. अंजना भाटिया ने बताया कि इस स्पोर्ट के साथ कॉलेज अकादमिक व फिजिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर को बेहतरी की ओर लेकर जाएगा जिससे शिक्षा का स्तर और ऊंचा होगा।
प्राचार्या डॉ. अजय सरीन ने कोआर्डिनेटर तथा बॉटनी विभागाध्यक्षा डॉ. अंजना भाटिया, इंचार्ज साइंस फैकल्टी तथा कैमिस्ट्री विभागाध्यक्षा डॉ. नीलम शर्मा, डीन अकादमिक व जोलॉजी विभागाध्यक्षा डॉ. सीमा मरवाहा, कंप्यूटर विभागाध्यक्षा डॉ. संगीता अरोड़ा, गणित विभागाध्यक्षा श्रीमती गगनदीप, बायोटेक्नालोजी विभागाध्यक्ष डॉ. जतिंदर व बायोइन्फारमैटिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. हरप्रीत को बधाई दी।





































