PTB Big न्यूज़ मोहाली : मोहाली के डेराबस्सी में दिनदहाड़े लूट की वारदात हुई है। जानकारी के मुताबिक बाइक पर आए कुछ बदमाश एक कारोबारी से करोड़ों रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। बदमाशों ने फायरिंग कर घटना को अंजाम दिया है। लूट की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही डेराबस्सी पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक डेराबस्सी- बरवाला चौक के पास एसबीआइ बैंक के बाहर लुटेरे गोली मारकर कारोबारी से करोड़ों रुपये लूट कर फरार हुए हैं। बदमाशों ने फायरिंग कर मोहम्मद साजिद नाम के शख्स से पैसों से भरा बैग छीन लिया और मौके से भाग निकले। गोली लगने से मोहम्मद साजिद घायल हुआ है, जिसे गंभीर हालत में डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ स्थित जीएमसीएच 32 रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि 5 से 6 बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर वारदात को अंजाम देने आए थे। यह भी जानकारी मिल रही है कि गोली लगने से एक सब्जी विक्रेता भी घायल हुआ है। वहीं, सूचना मिलते ही डेराबस्सी पुलिस मौके पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। वहीं, बदमाशों को पकड़ने के लिए सर्च आपरेशन भी चलाया जा रहा है।








































