PTB Big न्यूज़ चंडीगढ़ : पंजाब में अब गैंगस्टरों पर पुलिस की सख्ती होगी। इसके लिए एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स बनाई जाएगी। जिसकी अगुवाई ADGP रैंक का अफसर करेगा। इनके स्पेशल पुलिस थाने बनेंगे। वहीं यह पूरे राज्य में कहीं भी कार्रवाई कर सकेंगे। CM भगवंत मान की अगुवाई में मंगलवार को चंडीगढ़ में हुई मीटिंग में यह फैसला लिया गया। मीटिंग में पंजाब के सभी जिलों के SSP और पुलिस कमिश्नर मौजूद थे। पंजाब सरकार के मुताबिक इस फोर्स को स्पेशल पावर दी जाएगी।
इनके स्पेशल पुलिस स्टेशन बनाए जाएंगे। जिनका अधिकार क्षेत्र पूरे राज्य का होगा, ताकि पुलिस थानों में कोऑर्डिनेट करने की परेशानी न हो। फोर्स को गैंगस्टर पर केस दर्ज करने से लेकर सजा दिलाने तक का जिम्मा होगा। इसके जरिए पंजाब में ऑर्गेनाइज्ड क्राइम को खत्म किया जाएगा। हर जिले का SSP और पुलिस कमिश्नर टास्क फोर्स के साथ तालमेल रखेगा। इनके लिए अलग से बजट का प्रावधान भी रखा जाएगा।
पंजाब में कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने मुद्दा बना रखा है। कांग्रेस नेता नवजोत सिद्धू ने भी मुद्दा उठाया कि AAP सरकार बनने के बाद पंजाब में 5 कांग्रेसियों की हत्या हो चुकी है। कल ही लुधियाना में कांग्रेस के वार्ड प्रधान की हत्या कर दी गई। सिद्धू ने इसे जंगलराज करार दिया। सिद्धू ने चेतावनी भी दी कि अगर हत्यारे पकड़े नहीं गए तो कांग्रेस की लीडरशिप पुलिस कमिश्नर ऑफिस के बाहर धरना देगी।
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार पहली बार बनी है। इसके बाद राज्य में कई जगह ट्रक यूनियन को लेकर झगड़े सामने आ रहे हैं। वहीं पिछली सरकारों में सत्ताधारी पार्टी के नेताओं का पुलिस पर पूरा दबाव रहता था। चुनाव में AAP ने वादा किया था कि अफसरों के कामकाज में किसी तरह का राजनीतिक दखल नहीं होगा। हालांकि अभी तक पुलिस अफसरों को इस बारे में क्लियर मैसेज नहीं था। CM मान से मीटिंग के बाद यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं को कितनी तरजीह देनी है।





































