PTB City न्यूज़ जालंधर : पंजाब पुलिस से रिटायर्ड इंस्पेक्टर के बेटे से चंडीगढ़ की महिला ठग एजेंट और उसकी कनाडा में रह रही ठग बेटी ने 15 लाख रुपए की ठग लिए। इस मामले में थाना रामामंडी की पुलिस ने पीड़ित अमरजीत सिंह निवासी बेअंत नगर के बयान पर आरोपी महिला चंडीगढ़ के सेक्टर 63, ब्लॉक नंबर-40 की रहने वाली बलवंत कौर और सिमरन कौर मान के खिलाफ आईपीसी की धारा 406, 420, 120-बी और PTPR एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। आरोपी सिमरन कौर मान इस वक्त कनाडा में रह रही है और वह वहां की सिटीजन है। एक अन्य दंपती भी जांच के दायरे में है। बेअंत नगर के रहने वाले अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी महिलाओं ने कहा था कि वे 15 लाख में कनाडा में वर्क परमिट पर भेज देंगी। उन्होंने पैसे दिए लेकिन विदेश नहीं भेजा। अमरजीत ने बताया उनके पिता साल 2019 में पंजाब पुलिस से इंस्पेक्टर रिटायर्ड हुए थे। इसी तरह उनके ससुर सेहत विभाग से 2020 में रिटायर्ड हुए।
वह खुद की कमाई से घर का खर्च चलाता है। जब विदेश जाने की बात आई तो अमरजीत ने अपने पिता और ससुर के रिटायरमेंट के पैसों से आरोपी मां-बेटी को पैसे दिए थे। अमरजीत ने बताया कि आरोपी महिलाएं पुरानी ठग हैं, जो अब तक कई लोगों से ठगी कर चुकी थी। वहीं, आरोपी दोनों महिलाओं ने हिमांशु नाम के किसी व्यक्ति के पैसे देने थे, जिसके चलते अमरजीत को उसी के खाते में पैसे डालने के लिए कहा। अमरजीत ने महिलाओं के कहने पर 15 लाख रुपए थोड़े-थोड़े कर उनके खाते में ट्रांसफर कर दिए थे।








































