PTB Big News लुधियाना : दुष्कर्म मामले में भगौड़ा करार देने के बाद वांटेड के पोस्टर लगने के बाद से पूर्व विधायक सिमरजीत सिंह बैंस के फेसबुक पेज पर पोस्ट अपलोड की गई है। इसकाे लेकर चर्चा छिड़ गई है। पाेस्ट में लिखा गया है कि बादलों की गरज सुनकर चिडिया अपना रास्ता बदल लेती होंगी। मगर बाज हमेशा तूफानों के उल्ट उड़ता है और मंजिल फतेह करता है।
कोई पहली बार नहीं सियासी बदलाखोरी से झूठे पुलिस मुकदमे दर्ज किये गए हों। वक्त का फेर है और वाहेगुरु की अपार बख्शिश सदका पाक साफ होकर इस मुकदमे से बाहर आउंगा और साजिश करने वालों को बेपर्दा करके दम लूंगा…लोक इंसाफ पार्टी।
पुलिस बैंस की गिरफ्तारी के लिए कई जगह पर छापेमारी कर रही है और इस समय में यह पोस्ट काफी अहम है। यह पोस्ट उनके आईटी सेल की तरफ से डाली गई है और इस पर उनके स्पोर्टर कमेंट भी कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि बैंस के कई ठिकानों पर छापामारी कर चुके हैं लेकिन वह लुधियाना से फरार हैं।
उनके मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए हैं लेकिन वह बंद हैं। पुलिस को शक है कि बैंस उत्तर प्रदेश में किसी नेता के पास छिपे हो सकते हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें दूसरे राज्यों में भी भेजी गई हैं।
बता दें एक महिला से दुष्कर्म के 9 माह पुराने मामले में पूर्व विधायक सिमरजीत सिंह बैंस पर अदालत ने ऐसा शिकंजा कसा कि बीती 11 अप्रैल को ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट हरसिमरनजीत कौर की अदालत ने उन्हें भगोड़ा करार दे दिया था। यही नहीं अदालत ने इस केस में बैंस व अन्य आरोपितों की संपत्ति भी अटैच कर दी है।





































