PTB City न्यूज़ जालंधर : पंजाब के जालंधर जिले की सबसे व्यस्त नकोदर रोड पर रविदास चौक के समीप ऑर्थोनेवा अस्पताल के पास बाइक सवार 3 युवक एक बड़े ट्राले के नीचे कुचले गए। तीनों युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बुरी तरह से घायल हो गया है। तीसरा इस हादसे में बाल-बाल बच गया। सड़क हादसे के कारण देर रात नकोदर रोड पर जाम भी लग गया था, जिसका फायदा उठाकर ट्राले का चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के शिकार हुए युवकों के साथियों ने बताया कि वह मखदूमपुरा से आ रहे थे और घासमंडी से होकर उन्हें भार्गव कैंप जाना था। वह सभी भार्गव कैंप के रहने वाले हैं। दो बाइकों पर पांच लोग सवार थे। जो बाइक हादसे का शिकार हुई है, उस पर तीन युवक थे। जैसे ही वे नकोदर रोड पर पहुंचे, उनके बाईं तरफ एक ट्राला पैरेलल चलने लगा।अचानक ट्राला नंबर RJ07GC8177 बाइक नंबर PB10 DN 3515 की तरफ आ गया और बाइक को चपेट में ले लिया। इससे बाइक पर सवार तीन युवकों में से दो ट्राले के नीचे कुचल गए, जबकि एक युवक बाल-बाल बच गया। युवकों ने बताया कि वह दुर्घटना के बाद ट्राले की तरफ भागे तो उससे पहले ही ट्राले का चालक उसे छोड़कर भाग निकला, लेकिन हमने ट्राले की चाबी निकाल ली। इसी बीच कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह हादसा ओवरटेकिंग के चक्कर में हुआ है।
ओवरटेक करते हुए बाइक ट्राले की चपेट में आ गई और हादसा हो गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बुरी तरह से घायल है। उसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत एक ऑटो में बिठाकर पास में ही निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। कुछ लोग कह रहे थे कि बाइक पर सवार युवक शायद नशे में थे। अन्य युवकों ने भी शराब पी रखी थी। जिसमें से एक ने माना भी कि वह खा-पीकर घर की तरफ निकल रहे थे। सभी ने शराब पी रखी थी।
हैरानी की बात है कि हादसे के बाद नकोदर रोड पर लंबा जाम लग गया, लेकिन काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। हालांकि दुर्घटना के बाद वहां पर मौजूद लोगों ने पुलिस को हादसे की इतलाह भी दी, लेकिन फिर भी कोई मुलाजिम मौके पर देर रात तक नहीं पहुंचा। जब युवक को सिविल अस्पताल में लोगों ने खुद ही प्रयास करके पहुंचा दिया तो पुलिस जांच करने आ पहुंची।





































