PTB Big न्यूज़ जालंधर : आम आदमी पार्टी की ओर से प्रसिद्ध पर्यावरणविद् संत बलबीर सिंह सीचेवाल को पंजाब से राज्यसभा सदस्य के रूप में नामित किया गया है। इसे लेकर जहां संत सीचेवाल को बधाइयां देने वालों का तांता लगा है, वहीं कुछ लोगों को यह बात पच नहीं रही है।
एक शख्स ने उनके नाम से फेक ट्विटर हैंडल बनाकर आपत्तिजनक पोस्टें की हैं। जब सेवादारों को इसका पता चला तो उन्होंने इसकी शिकायत पंजाब पुलिस की साइबर सेल में की। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उस व्यक्ति की वास्तविक पहचान खोज ली जिसने ये पोस्टें की हैं।
संत बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल के अनुसार फेक आईडी बनाने वाले शख्स की पहचान कर ली गई है। पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपित ने पहले संत सीचेवाल के ट्विटर हैंडल से छेड़छाड़ करने की कोशिश की थी। जब उसे इसमें सफलता नहीं मिली तो वह बाबा जी के नाम पर उनकी फोटो लगाकर फेक आईडी के जरिये पोस्ट करके लोगों को गुमराह करने लगा। इस घटना के बाद संत सीचेवाल के अनुयायियों में रोष है।
संत बलबीर सिंह सीचेवाल का वास्तविक ट्विटर हैंडल @SantSeechewal के नाम से है। इसमें उनका नाम संत बलबीर सिंह सीचेवाल है। वहीं ,आरोपित शख्स ने उनकी फेक आईडी @balbirseechewal से बनाई और बलबीर सिंह सीचेवाल नाम का प्रयोग करते हुए ट्वीट किए। अब पुलिस उससे पूछताछ में पता लगाएगी कि संत सीचेवाल की फेक ट्विटर ID बनाने के पीछे आरोपित का क्या उद्देश्य था।
आपको यह भी बता दें कि संत सीचेवाल को दुनिया के प्रमुख पर्यावरण प्रेमियों में गिना जाता है। उन्होंने सुलतानपुर लोधी में 160 किमी लंबी पवित्र काली बेईं को साफ करके दुनिया को नदी को प्रदूषण मुक्त करने का माडल दिया है। उनकी उल्लेखनीय सेवा के लिए वर्ष 2017 में भारत सरकार की ओर से उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।