PTB मनोरंजन News मुंबई : जानी-मानी कामेडियन और टीवी शो होस्ट भारती सिंह दाढ़ी-मूछ पर टिप्पणी करने के बाद विवादों में घिर गईं हैं। यहां सिख समुदाय के सदस्यों ने उन पर भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाते हुए उन पर केस दर्ज करने की मांग की है। हालांकि अभी तक पुलिस के पास शिकायत नहीं पहुंची है।
उधर, भारती सिंह ने दाढ़ी-मूछ पर दिए एक बयान पर एक वीडियो जारी कर माफी मांगी है। हालांकि गुरुनगरी के कुछ सिख संगठनों ने भारती सिंह के कथित भद्दे बयान को लेकर पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। हालांकि अभी लिखित रूप से अमृतसर में भारती सिंह के खिलाफ किसी थाने में या किसी पुलिस अधिकारी के पास शिकायत नहीं दी गई है।
गौर रहे भारती सिंह ने एक टीवी सीरियल के दौरान दाढ़ी मूछ को लेकर भद्दी टिप्पणी की थी। हालांकि हास्य कलाकार ने टिप्पणी दौरान किसी धर्म, जाति या समुदाय का नाम नहीं लिया था l भारती सिंह वर्ष 2020 में उस समय विवादों में घिर गई थी जब नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने उन्हें और उनके पति हर्ष लिंबाचिया को ड्रग्स रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था। उस समय उनकी गिरफ्तारी की खबर से अमृतसर सहित देश भर के लोग चौंक गए थे। इस मामले में बाद में उन्हें न्यायालय से जमानत मिल गई थी।
बता दें कि भारती सिंह अमृतसर में ही पैदा हुई हैं और उन्होंने अपने अभिनय जीवन का प्रारंभ भी यहीं से किया है। भारती अमृतसर के बीबीके डीएवी कालेज की छात्रा रह चुकी हैं। उन्होंने सबसे पहले नाटककार जगदीश सिंह सचदेवा के निर्देशन में अभिनय किया था। वह गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में प्रस्तुत किया गया था। इसमें भारती सिंह के अभिनय की खूब तारीफ हुई थी। यहीं से उनके लिए सफलता के द्वार खुलते गए।








































