PTB City न्यूज़ जालंधर : जालंधर शहर में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें शहर के प्रसिद्ध रबड़ कारोबारी का मोबाइल फोन हैक कर उनके करीबियों से पैसों की मांग की गई। इस साइबर अपराध में हैंकर्स ने विश्वास का दुरुपयोग करते हुए UPI के माध्यम से 1 लाख 15 हजार रुपए की ठगी को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार सिक्सर बॉल्स के नाम से देश-विदेश में पहचान बना चुकी रबड़ स्पोर्ट्स इंडस्ट्री ग्रेटवे इंडिया कार्पोरेशन
.{Greatway India Corporation} के पार्टनर राजेश मेहंदीरत्ता उर्फ कुकू का मोबाइल फोन हैकर्स ने हैक कर लिया। फोन हैक होने के बाद ठगों ने उनके Whatsapp अकाऊंट से सभी रिश्तेदारों, मित्रों और व्यापारिक संपर्कों को संदेश भेजना शुरू कर दिया। हैकर्स द्वारा भेजे गए संदेशों में अधिकतर लोगों से UPI के जरिए 65,000 रुपए तुरंत भेजने की मांग की गई और यह भरोसा भी दिलाया गया कि रात तक पूरी रकम वापस लौटा दी जाएगी।
.यह भी पढ़ें : अमेरिकी अदालत ने Deport किए गए भारतीय को लेकर सुनाया बड़ा फैसला,
.संदेश राजेश मेहंदीरत्ता के Whatsapp नंबर से आने के कारण कई लोगों को शुरुआत में किसी धोखाधड़ी का शक नहीं हुआ। हालांकि अधिकांश करीबियों ने स्थिति को भांपते हुए सतर्कता बरती और पैसे नहीं भेजे, लेकिन 2 करीबी दोस्त ठगों के जाल में फंस गए। इनमें से एक रबड कारोबारी ने दो किस्तों में कुल 65,000 रुपए, जबकि दूसरे लोहा कारोबारी ने 50,000 रुपए UPI के माध्यम से उन खातों में ट्रांसफर कर दिए, जो साइबर ठगों द्वारा बताए गए थे।
. .कुछ समय बाद जब फोन रिकवर किया गया तो मेहंदीरत्ता ब्रदर्स ने तुरंत सभी परिचितों को अपनी ओर से स्पष्ट संदेश भेजकर पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद ठगी का यह सिलसिला रुक पाया और अन्य लोग संभावित नुकसान से बच गए। इस घटना ने एक बार फिर साइबर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति के नाम से पैसों की मांग आने पर तुरंत फोन कॉल या किसी अन्य माध्यम से पुष्टि जरूर करनी चाहिए।
.यह भी पढ़ें : भीषण ठंड के बीच स्कूलों में फिर बढ़ी छुट्टियां, इस तारीख तक रहेंगे बंद
.वहीं पीड़ित पक्ष द्वारा इस मामले की सूचना साइबर क्राइम सेल को देने की तैयारी भी की जा रही है। साइबर ठगी पर समाज के प्रबुद्ध लोगों की कड़ी प्रतिक्रिया, सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग शहर के प्रतिष्ठित रबड़ कारोबारी का फोन हैक कर की गई साइबर ठगी की घटना को लेकर समाज के जिम्मेदार नागरिकों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। इस संबंध में अमरजीत आहूजा, जसबीर बिट्टू, नितिन बहल और अतुल चावला ने सरकार और प्रशासन से ऐसे साइबर अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लेने की अपील की है।
.













































