PTB Sad न्यूज़ अमृतसर : जासूसी के आरोप में पाकिस्तान में जेल में कैद रहे और वहीं पर मारे गए सर्बजीत सिंह की बहन दलबीर कौर का रविवार सुबह निधन हो गया। वह 60 साल की थीं। निधन का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया जा रहा है। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर पंजाब के तरनतारन शहर में गांव भिखीविंड में किया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार, दलबीर कौर को शनिवार रात दर्द की शिकायत हुई थी तो उन्हें परिजनों ने तुरंत पास के ही प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवा दिया गया था, लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और रविवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
1991 में पाकिस्तान की कोर्ट ने सर्बजीत सिंह को भारतीय जासूस करार देकर मौत की सजा सुनाई थी, जिसके बाद सर्बजीत की बहन दलबीर कौर लाइम लाइट में आई थी। 9 साल पहले 2013 में सर्बजीत का पाकिस्तान की जेल में ही कत्ल कर दिया गया था। 1991 में भाई को मौत की सजा मिलने के बाद से ही सर्बजीत ने अपने भाई को रिहा कराने के लिए कोशिशें करने लगी थीं।
वह कभी राष्ट्रपति, कभी प्रधानमंत्री तो कभी विदेश मंत्रालय के चक्कर काटती रहीं। 2011 में वह भाई को मिलने पाकिस्तान गई थीं। 2013 में सर्बजीत पर हमले की सूचना भारत पहुंची तो वह सर्बजीत की बेटियों को लेकर पाकिस्तान गई थी। पाकिस्तान की जेल में मरने वाले सर्बजीत व दलबीर कौर पर 2016 में फिल्म भी बनी थी। सर्बजीत की भूमिका जहां रणदीप हुड्डा ने निभाई थी, वहीं दलबीर कौर का रोल ऐश्वर्या राय ने किया था।








































