PTB Big न्यूज़ लुधियाना : अनाज ढुलाई घोटाले की जांच कर रही विजिलेंस ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के छह अधिकारियों को तलब किया है। यह अधिकारी पूर्व कांग्रेस सरकार के समय विभाग में विभिन्न पदों पर तैनात रहे हैं। मौजूदा कैबिनेट मंत्री के साथ पीए तैनात महिंदरपाल को भी लुधियाना विजिलेंस कार्यालय बुलाकर बुधवार को पूछताछ की गई है।
वह पूर्व मंत्री के साथ भी काम कर चुका है। सूत्रों के अनुसार अनाज ढुलाई मामले से संबंधित फाइलें विभाग से गायब होने और कार्यालय में कर्मचारियों की कार्यशैली से संबंधित सवाल महिंदरपाल से पूछे गए है। विजिलेंस ने कुछ और अधिकारियों से भी पूछताछ की है। इनमे से कुछ से पूछताछ हो चुकी है और कुछ को तलब किया गया है। इनमें विभाग से 2021 में सेवानिवृत्त हो चुके निजी सचिव कश्मीर सिंह, भूपिंदर सिंह और क्लर्क अमरिंदर सिंह, सुखवीर सिंह और संदीप सिंह आदि के नाम भी शामिल हैं।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कार्यालय से 2019-20 में अनाज ढुलाई की नीति कमेटी के चेयरमैन का बर्खास्त डिप्टी डायरेक्टर आरके सिंगला को अतिरिक्त कार्यभार सौंपने से संबंधित फाइलें गुम हैं। उस समय सिंगला के खिलाफ चल रही विभागीय जांच के बावजूद उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। बीती 16 अगस्त को दर्ज केस में नामजद ठेकेदार का साथी जगरूप सिंह, बर्खास्त डिप्टी डायरेक्टर आरके सिंगला,
मीनू पंकज मलहोत्रा, इंद्रजीत सिंह इंदी और गुरशिंदर सिंह फरार हैं। विजिलेंस केवल ठेकेदार तेलू राम और पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को गिरफ्तार कर पाई है। केस को मजबूत करने के लिए विजिलेंस को गवाहों की जरूरत है। इसी कड़ी में विभाग में कार्यरत रहे पूर्व कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। विजिलेंस ने सेवानिवृत्त अधिकारियों के बयान कलमबद्ध किए हैं। इन्हें सुबूत के तौर पर इकट्ठा किया जा रहा है। इन्हें चार्जशीट में शामिल किया जा सकता है।








































