PTB Big न्यूज़ वाशिंगटन : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सात दिवसीय राजकीय यात्रा के बीच भारतीय पेशेवरों के लिए एक अच्छी खबर है। अब भारतीय पेशेवर बिना विदेश यात्रा किए ही अपने कार्य वीजा को रिन्यूअल करा सकते हैं। इसकी जानकारी शनिवार को पीएम मोदी ने वाशिंगटन डीसी में रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए दी है।
पीएम मोदी ने बताया कि भारतीय मूल के सदस्यों को अब एच-1बी वीजा के लिए अमेरिका नहीं छोड़ना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि एच-1बी वीजा नवीनीकरण अमेरिका में ही किया जा सकता है। नए वीजा नियमों से भारतीयों के लिए अमेरिका में रहना और काम करना आसान हो जाएगा।
पेशेवर भारतीयों को यह बड़ी राहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन के बीच द्विपक्षीय बैठक के बाद मिली है। यूएसए के अधिकारियों ने घोषणा की कि वे अमेरिका में काम कर रहे कई भारतीयों के लिए एच-1बी वीजा नवीनीकरण की प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए ‘इन-कंट्री’ रिन्यूअल एच-1बी वीजा पेश करेंगे।








































