PTB Crime न्यूज़ जालंधर : जालंधर शहर में पंजाब बंद की काल के बीच एक तरफ जहां शांतिमय तरीके से बंद के दावे किए जा रहे थे। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल हो रही गुंडागर्दी की एक वीडियो ने पुलिस के दावों की हवा निकाल दी है। शहर में बंद के दौरान अराजक तत्व हाथों में तेजधार हथियार लेकर गुंडागर्दी का नंगा नाच दिखाते हुए पहले अवतार नगर के सरकारी स्कूल में पहुंचे। उसके बाद गुंडागर्दी करते हुए खुली दुकानों में जा घुसे।
इस दौरान जालंधर के आबादपुरा के एक निजी स्कूल में तेजधार हथियार लेकर गुंडा तत्व घुस गए, हालांकि स्कूल में बच्चे नहीं थे, लेकिन काम निपटाने के लिए दफ्तर में आए प्रिंसिपल SR कटारिया पर हमला कर दिया। उन्हें सिर-गर्दन और बाजुओं पर बुरी तरह से काट दिया। प्रिंसिपल कटारिया की गर्दन पर गहरा घाव है। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस प्रिंसिपल कटारिया के बयान लेने के लिए निजी अस्पताल में गई थी, लेकिन डॉक्टरों ने बयान लेने से मना कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि प्रिंसिपल कटारिया की गर्दन पर गहरा घाव है। उन्हें बोलने से मना किया गया है। बोलने पर उन्हें दिक्कत हो सकती है।
शहर में बंद के दौरान हुई इस गुंडागर्दी की वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। जिन लोगों के हाथों में तेजधार हथियार था, वह सभी युवक छोटी उम्र के हैं और अभी स्कूल या कॉलेज के लग रहे थे, हैरानी की बात तो यह है कि शहर में पंजाब बंद को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात थी, लेकिन इसके बावजूद खाकी की नाक के नीचे गुंडागर्दी का खेल हो गया।






































