PTB Big न्यूज़ जालंधर : जालंधर सिटी पुलिस द्वारा ब्रेक किए गए इंटरनेशनल अफीम तस्कर गिरोह के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। सिटी पुलिस द्वारा जिस मनी ठाकुर को केस में किंगपिन बनाया है, उसने फेसबुक लाइव होकर अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत बताया है। जिसमें उसने कहा है कि उसे केस में फंसाया जा रहा है।
.मनी ठाकुर ने सोमवार को फेसबुक लाइव होकर कहा- 1 साल 1 माह से वह यूके में रह रहा है और वहीं पर काम कर अपना गुजारा करता है। मगर नशे का काम नहीं किया। मनीष कुमार उर्फ मनी ठाकुर ने फेसबुक लाइव पर कहा- जालंधर सिटी पुलिस ने बीते दिन अफीम पकड़ी थी, जिसकी सप्लाई चेन विदेशों में बताई गई थी। उक्त चेन का किंगपिन पुलिस ने मुझे बताया। मगर, ऐसा कुछ नहीं है। ये सभी आरोप गलत हैं। मनी ठाकुर ने कहा- सिटी पुलिस ने एक हरमन नाम के युवक को केस से निकालने के लिए मुझे फंसा दिया है।
.साथ ही ठाकुर ने कहा- मेरे पास जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों की रिकॉर्डिंग्स हैं। सिटी पुलिस के अधिकारी मान रहे हैं कि मनी ठाकुर को उक्त केस में फंसा दिया जाए और गिरफ्तार किए गए आरोपी कोर्ट में मनी के खिलाफ बयान दे दे। मनी ठाकुर ने आगे आरोप लगाए कि हरमन को छोड़ने के लिए पुलिस ने 20 किलो अफीम मांगी थी। उक्त अफीम देने के बाद हरमन को पुलिस ने छोड़ दिया था। हालांकि, हरमन कौन है, इस पर अभी कोई खुलासा नहीं हुआ है।
.
इस केस में पुलिस अब तक करीब 10 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है और कुल 29 किलो अफीम बरामद हुई है। बता दें कि बीते माह सिटी पुलिस द्वारा दावा किया गया था कि उन्होंने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस केस में कहा था कि मनी ठाकुर पिछले तीन साल से विदेश में नशा भेजने को लेकर काफी सक्रिय था। अभी तक करीब 2 क्विंटल अफीम विदेश भेजी जा चुकी थी। उन्होंने बताया कि झारखंड से होशियारपुर और जालंधर के कोरियर संचालकों को अफीम भेजी जाती थी और फिर इसे विदेशों में भेजा जाता था।
.मनी ठाकुर ने कहा कि उसका शीतल अंगुराल के साथ कोई सीधा संबंध नहीं है। उसने आम आदमी पार्टी के लिए काम किया था। शीतल की जगह कोई भी होता वह उसके लिए काम करता। पिछले दिनों शीतल अंगुराल और मनी ठाकुर की वीडियो वायरल हुई थी। ऐसी खबरें सामने आईं थी कि पुलिस इस मामले में विधायक शीतल अंगुराल के खिलाफ भी जांच कर रही है।
.मनी ठाकुर ने लाईव में कहा कि उसे इस मामले में फंसाया गया है। उसकी करीबी एक लड़की को भी पुलिस ने उठाया है और उसके साथ मारपीट की है। उसने कहा कि उसके पास सारी वीडियो हैं, जिन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद वह लोगों को भी शेयर कर देगा। उसने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस ने उसे फंसाने के लिए सारी बातें की हैं।
.वहीं मनी ठाकुर ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील करते हुए कहा कि मैं तो आपसे यही कहूंगा की आप के साथ हम पहले भी थे और आज भी हैं लेकिन आपको अपने नीचे का सिस्टम भी ठीक करना होगा जोकि, अभी तक गलत हाथों से चल रहा है और जिस तरह से पुलिस का वर्ताव है। वह बहुत ही गलत है, नशे के खिलाफ हम भी उतने ही हैं, जिसने की आप इसलिए हम आपके साथ हैं, लेकिन कुछ गलत लोगों की वजह से आज मैं और मेरा परिवार बदनामी की भेंट चढ़ गया है जल्द ही मेँ माननीय अदालत मेँ अपना पक्ष रखूंगा ताकि मेँ पंजाब आ सकूं।
.आपको यह भी बता दें कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में होशियारपुर का मोबाइल शोरूम संचालक अमन, जालंधर का रहने वाला सन्नी और टांडा के रहने वाले शेजल भी इसी केस में पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। अमन का होशियारपुर में एक पॉश कॉलोनी में एक आलीशान घर है। सन्नी जालंधर में कोरियर कंपनी चलाता था और शेजल डिलीवरी को मुकम्मल करवाता था। आपको यह भी बता दें कि इसी केस में पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट पर तैनात 6 कस्टम अधिकारियों को भी नामजद किया था।
.