PTB Big न्यूज़ चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर एक बड़े विवाद में नजर आ रहे हैं / दरअसल पिछले वर्ष 26 जनवरी को किसान आंदोलन के दौरान किसानों ने अपना विरोध जताने के लिए ट्रैक्टर मार्च निकालने की घोषणा की थी / इसी बीच किसान आंदोलन में शामिल कुछ शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ने के लिए लाल किले पर धावा बोल दिया था /
इस दौरान लाल किले पर हुई हिंसा में मंत्री लालजीत भुल्लर के शामिल होने का वीडियो भी सामने आया है / भुल्लर भी किसान आंदोलन में शामिल थे / लालकिला हिंसा के दौरान दीप सिद्धू द्वारा बनाए गए वीडियो में लालजीत भुल्लर नजर आ रहे हैं / इस दिन लाल किले पर तिरंगे की जगह किसान आंदोलन में शामिल कुछ शरारती तत्वों ने केसरी झंडा फहराया था /
इस घटना के बाद दीप सिद्धू सहित कई युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था / कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हलका भुलत्थ सीट से विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने भी इस वीडियो को ट्वीट कर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से जवाब मांगा है /
सुखपाल खैहरा ने एक वीडियो ट्वीट कर अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान से यह स्पष्ट करने को कहा कि क्या उनके परिवहन मंत्री लाल किले पर केसरी निशान साहिब को फहराने में दीप सिद्धू के साथ शामिल थे या नहीं? फिलहाल इस संबंध में परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है /








































