PTB Crime न्यूज़ लुधियाना : पंजाब के लुधियाना में बाहरला गुरुद्वारा साहिब में मीरी-पीरी दिवस के समागम के दौरान दो निहंग सिंहों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान एक निहंग सिंह ने दूसरे पर दस्ती किरपान से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई है। पुलिस को दी गई शिकायत में गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी जसविर ने बताया कि 26 जुलाई को मीरी-पीरी दिवस के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में
. .श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए थे। इस समागम में गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संगत पहुंची थी। कार्यक्रम में दल पंथ के निहंग सिंह भी मौजूद थे। ग्रंथी जसविर सिंह के अनुसार, रात करीब 9 बजे रविवार को वह गुरुद्वारा साहिब में मौजूद थे। इसी दौरान दल पंथ से जुड़ा निहंग सोनू ऊंची आवाज में गालियां देते हुए लंगर हॉल की ओर जा रहा था। शोर सुनकर जब ग्रंथी सिंह वहां पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दल पंथ के ही एक अन्य सिंह सोहण सिंह ने
. .गुस्से में आकर सोनू की गर्दन पर किरपान से वार कर दिया। सोहण सिंह हरियाणा के फतेहाबाद का रहने वाला बताया जा रहा है। गर्दन पर किरपान का गहरा घाव लगने से सोनू गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए दोराहा स्थित सिद्धू अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने तक काफी खून बह चुका था। डॉक्टरों ने जांच के बाद सोनू को मृत घोषित कर दिया।
. .इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही थाना डेहलों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रंथी जसविर सिंह के बयानों के आधार पर आरोपी सोहण सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
.यह भी पढ़ें : शेयर बाजार! खुलते ही निवेशकों की जेब में पहुंचे कई लाख करोड़ रूपये




































